बोकारो (11 नवंबर 24)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) को तोड़कर उन्हें छोटी-छोटी जातियों में बांटना चाहती है। उन्होंने झारखंड की जनता को एकजुट रहने का संदेश देते हुए ‘एक हैं तो सेफ (सुरक्षित) हैं' का नारा भी बुलंद किया। राज्य विधानसभा चुनाव के मद्देनजर यहां एक रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने दावा किया कि कांग्रेस ने देश की आजादी के बाद समाज के इस बिखराव का चुनावी फायदा उठाया और केंद्र में सरकारें बनाती रही। उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस हमेशा से एससी (अनुसूचित जाति), एसटी(अनुसूचित जनजाति) और ओबीसी की एकजुटता की घोर विरोधी रही है। आजादी के बाद जब तक एससी, एसटी और ओबीसी समाज बिखरा रहा, कांग्रेस ‘बांटो और राज करो' के सिद्धांत के जरिये केंद्र में सरकारें बनाती रही। लेकिन जैसे ही ये समुदाय एकजुट हुए...कांग्रेस फिर पूर्ण बहुमत के साथ केंद्र में अपनी सरकार नहीं बना पाई।' मोदी ने लोगों से इस ‘गणित' को समझने का अनुरोध किया और कहा कि 1990 में ओबीसी समुदाय को जब आरक्षण मिला इस समाज के अलग-अलग जातियों का संख्या बल एक साथ जुड़ गया। उन्होंने कहा कि इसके बाद से कांग्रेस अब तक लोकसभा में 250 सीट भी नहीं जीत पाई है। उन्होंने कहा, ‘इसलिए कांग्रेस ओबीसी की इस सामूहिक ताकत को तोड़ना चाहती है और समुदाय को सैंकड़ों अलग-अलग जातियों में बांट देना चाहती है।'