दुबई (29 सितंबर 25)। एशिया कप 2025 का फाइनल मुकाबला दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया। यह पहली बार था जब दोनों टीमें एशिया कप के फाइनल में आमने-सामने थीं। लाखों फैन्स की उम्मीदों और हाई-वोल्टेज माहौल के बीच टीम इंडिया ने दमदार खेल दिखाते हुए पाकिस्तान को मात दी और 9वीं बार एशिया कप का ताज अपने नाम कर लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम 146 रन पर ऑलआउट हो गई थी। टीम इंडिया की इस जीत पर पीएम मोदी ने भी बधाई दी है। पीएम ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'खेल के मैदान पर ऑपरेशन सिंदूर। नतीजा वही-भारत जीत गया! हमारे क्रिकेटरों को बधाई।'
वहीं लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। शुरुआती विकेट जल्दी गिर गए, लेकिन युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा ने टीम को संभाल लिया। उन्होंने जिम्मेदारी भरी बल्लेबाज़ी करते हुए 41 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया और अंत तक नाबाद रहे। तिलक ने 69 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली, जिसमें चौके-छक्कों की शानदार झड़ी देखने को मिली। संजू सैमसन ने तिलक का अच्छा साथ दिया और दोनों ने चौथे विकेट के लिए 57 रनों की अहम साझेदारी निभाई। इसके बाद शिवम दुबे ने भी ताबड़तोड़ अंदाज दिखाया। उन्होंने 22 गेंदों पर 33 रन ठोके और तिलक के साथ मिलकर 60 रनों की साझेदारी कर मैच को भारत की ओर मोड़ दिया। मैच की नींव गेंदबाज़ों ने ही रखी थी। पाकिस्तान की टीम भारत के सामने बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर पाई क्योंकि भारतीय गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा। कुलदीप यादव ने अपनी फिरकी का कमाल दिखाते हुए 4 विकेट झटके। उनकी घातक गेंदबाज़ी के सामने पाकिस्तान की बल्लेबाज़ी बिखर गई और पूरी टीम 20 ओवर भी नहीं खेल सकी। कुलदीप अलावा जसप्रीत बुमराह,अक्षर प्रटेल और वरुण च्रकवती को 2-2 विकेट मिली।