Thursday, 01 Oct 2026

'कांग्रेस शासन में गरीब मिटे, गरीबी नहीं: गिरिराज सिंह

रायपुर (13 जून 26)। केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस शासन काल में गरीब मिट गए, लेकिन गरीबी नहीं मिटी, जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के दौरान 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा के ऊपर लाया गया है। सिंह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर यहां प्रेसवार्ता में कहा, 'हमने ग्राम पंचायत से लेकर संसद तक जीत का शतक बनाया और कांग्रेस ने हार का शतक बनाया। हमारी 22 राज्यों में सरकार है। मोदी ने अपने 12 वर्षों के कार्यकाल में विकास के साथ विरासत का संरक्षण और विरासत के साथ विकास का संवर्धन करने का काम किया है'' प्रेसवार्ता को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी संवाददाताओं को संबोधित किया।

सिंह ने कहा, 'मोदी ने पहली बार वन नेशन वन टैक्स की व्यवस्था लागू करके भारत की अर्थव्यवस्था सुधारने की दिशा में अहम कार्य किया। आज दुनिया के 22 देश भारत के साथ भारतीय मुद्रा रुपए में कारोबार कर रहे हैं। यह हर भारतीय के लिए गर्व का विषय है। मोदी सरकार ने 16 लाख करोड़ रुपए के बजट को 53.5 लाख करोड़ रुपए तक लाने का काम किया है।' सिंह ने कहा कि आज दुनिया में भारत की अर्थव्यवस्था 10वें स्थान से चौथे-छठे स्थान पर आ गयी। उन्होंने कहा, '' देश में 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा के ऊपर लाया गया है। कांग्रेस शासन काल में गरीब मिट गए, लेकिन गरीबी नहीं मिटी।' सिंह ने हर देश के मोदी से हाथ मिलाने को इच्छुक रहने का दावा करते हुए कहा कि आज दुनिया कह रही है कि भारत की विदेश नीति सबसे अच्छी है तथा प्रधानमंत्री मोदी वही करते हैं जो देश के लिए हितकर होता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी गरीबी में पैदा हुए हैं गरीबी को जिया है, वह गरीबों की तकलीफ जानते हैं। सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा, 'देश के एक युवराज संप्रग शासन में गरीबी सीखने कलावती के घर गए थे। वह युवराज कुलियों के बीच गरीबी देखने जाते हैं। मोदी ने कुलियों को चाय पिलायी है। यह अंतर है।'

Tags:

Follow us

This question is not available..!