Thursday, 01 Oct 2026

'केजरीवाल जी आपको दिल्ली की जनता को हिसाब देना पड़ेगा': शाह

नईदिल्ली (05 जनवरी 25)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के मुख्यमंत्री के तौर पर अपने लगभग 10 साल के कार्यकाल में राजधानी की आधारभूत संचरनाओं को सुधारने के बजाय खुद के लिए 'शीश महल' बनवाया। शाह ने यह भी कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल को इसका हिसाब देना होगा। शाह ने नई दिल्ली नगरपालिक परिषद द्वारा कामकाजी महिलाओं के लिए स्थापित छात्रावास ‘सुषमा भवन' के उद्घाटन के बाद एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केजरीवाल (मुख्यमंत्री के तौर पर) के आधिकारिक आवास में इस्तेमाल की गई कई महंगी चीजों के नाम गिनवाए और कहा कि उन्होंने तो इनमें से कई चीजों के नाम तक नहीं सुने हैं। शाह ने कहा कि जब केजरीवाल राजनीति में आए थे, तो उन्होंने कसम खाई थी कि सरकारी कार या बंगला नहीं लेंगे और एक नए प्रकार की राजनीति का आगाज करेंगे। 

गृह मंत्री ने कहा, ‘लेकिन ‘आप' नेता का एक, दो, तीन या चार बंगलों से मन नहीं भरा और उन्होंने दिल्लीवासियों के 45 करोड़ रुपये खर्च कर 50,000 वर्ग गज जमीन पर ‘शीश महल' बनवाया।' केजरीवाल मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान अपने आधिकारिक आवास की साजसज्जा पर किए गए खर्च को लेकर भाजपा के निशाने पर रहे हैं। पार्टी पूर्व मुख्यमंत्री के आवास को ‘शीश महल' करार देते हुए उन पर हमलावर रही है। शाह ने कहा, ‘आम आदमी पार्टी की सरकार ने दिल्लीवासियों को पानी की आपूर्ति करने के लिए कोई व्यवस्था नहीं बनाई, लेकिन केजरीवाल के ‘चार सदस्यीय परिवार के लिए 14 करोड़ रुपये का पानी संयंत्र लगाया गया।' उन्होंने कहा, ‘केजरीवाल जी, आपको दिल्ली की जनता को हिसाब देना होगा। वे आपसे जवाब मांग रहे हैं।' गृह मंत्री ने आरोप लगाया, ‘जब केजरीवाल मुख्यमंत्री आवास में रहते थे, तब डिजाइनर मार्बल पर छह करोड़ रुपये, आधुनिक पर्दों पर छह करोड़ रुपये, स्वचालित दरवाजों पर 70 लाख रुपये, कालीनों पर 50 लाख रुपये और स्मार्ट टीवी पर 64 लाख रुपये खर्च किए गए।' शाह ने केजरीवाल पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर सुझाव दिया था कि उन्हें दिल्ली के लोगों को ‘शीश महल' के दर्शन कराने चाहिए, ताकि वे देख सकें कि उनके मुख्यमंत्री किस तरह के घर में रहते हैं। 


Tags:

Follow us

This question is not available..!