Monday, 28 Sep 2026

'क्वालिटी आउट ऑफ़ बॉक्स' यही नई शिक्षा नीति का सार: अमित शाह

इंदौर (14 जुलाई 24)। केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विश्व में हर क्षेत्र में अव्वल रखने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए शिक्षा की नींव मज़बूत होना आवश्यक है। इसी दिशा में वर्ष 2020 में नई शिक्षा नीति का आग़ाज़ किया गया। इसमें क्वांटिटी नहीं क्वालिटी, ऑर्थोडॉक्स के बदले आउट ऑफ़ बॉक्स को सार मानते हुए नीति निर्माण किया गया। ये गर्व का विषय है कि मध्यप्रदेश में इस नीति को देश में सबसे पहले लागू किया। यह भविष्य के 25 सालों में देश के विद्यार्थियों को विश्व के विद्यार्थियों से स्पर्धा योग्य बनाएगी। यह भी गर्व करने की बात है कि मध्यप्रदेश ने इंजीनियरिंग और मेडिकल शिक्षा को अपनी मातृ भाषा में पठन-पाठन का अवसर यहाँ के विद्यार्थियों को मुहैया कराया है। शाह ने कहा कि इन एक्सीलेंस कालेजों की विशेषता यह है कि इनमें नई शिक्षा नीति के अनुरूप सभी कोर्स उपलब्ध होंगे और ये कालेज सभी संसाधनों से युक्त होंगे। इनसे युवा पीढ़ी को लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि नई शिक्षा नीति के ज़रिए विद्यार्थियों को काग़ज़ी शिक्षा नहीं वरन् जीवन में बदलाव के लिए ज़रूरी व्यावसायिक शिक्षा प्राप्त करने का अवसर प्रदान किया गया है। ये प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस युवाओं के जीवन की दिशा तय करेंगे। शाह के हाथों इन कॉलेजों का शुभारंभ वो भी मालवा की धरती से होना प्रसन्नता और गर्व की बात है। भगवान कृष्ण ने भी मालवा की भूमि में रह कर 64 कलाओं, 18 पुराणों 14 विद्याओं और चार वेदों की शिक्षा दीक्षा प्राप्त की है। छह माह से भी कम समय में इन कॉलेजों का विधिवत शुभारंभ होना सरकार की प्रतिबद्धता दर्शाता है। उन्होंने सभी 55 कॉलेजों में शुरू किए जा रहे विभिन्न पाठ्यक्रमों और लगभग 450 करोड़ रुपयों की लागत से किए गए विकास कार्यों से विद्यार्थियों को अवगत कराया।

उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने प्रदेश के सभी प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस में संचालित पाठ्यक्रमों,उपलब्ध संसाधनों,संकायों के संचालन के लिए मानव संसाधन और यहाँ विकसित किए जा रहे विद्यावनों के बारे में जानकारी दी। केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, सांसद कविता पाटीदार, विधायक रमेश मेंदोला, मधु वर्मा, गोलू शुक्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधि और संभागायुक्त दीपक सिंह, पुलिस कमिश्नर राकेश गुप्ता, कलेक्टर आशीष सिंह उपस्थित थे।

Tags:

Follow us

This question is not available..!