मुंबई (03 नवंबर 24)। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कर्नाटक में एक कार्यक्रम के दौरान अपने नेताओं को सलाह दी थी कि उन्हें जनता से वही वादे करने चाहिए, जो वे पूरे कर सकें। इस पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। एकनाथ शिंदे ने कहा कि कुछ नेताओं ने जनता को खटाखट पैसे देने का वादा किया था, लेकिन वे एक भी रुपया नहीं दे पाए। उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र की सरकार ने लोगों के बैंक खातों में पट-पटा -पैसे ट्रांसफर किए हैं।
शिंदे ने कहा कि कांग्रेस का इरादा जनता को पैसे देने का नहीं है, बल्कि वे सिर्फ लोगों से पैसे लेना जानते हैं। उनका कहना था कि खरगे सही हैं; कांग्रेस को यह समझ नहीं है कि मदद कैसे की जाती है। सीएम शिंदे ने बताया कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक रुपया देते हैं, तो वह सीधे लोगों के बैंक अकाउंट में ट्रांसफर होता है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस अभी तक यह सीख नहीं पाई है कि जनता की मदद कैसे करनी है। शिंदे ने लाडली बहन योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इस योजना को कोई रोक नहीं सकता। उन्होंने यह भी कहा कि इसके लिए उन्होंने पूरे साल का बजट अलग रखा है। उन्होंने कर्नाटक, हिमाचल और तेलंगाना का उदाहरण देते हुए कांग्रेस के वादों को अधूरा बताया।