Thursday, 01 Oct 2026

'गरीब परिवार में जन्म के बावजूद मोदी में नकारात्मकता नहीं: शाह

वडनगर (17 जनवरी 25)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को कहा कि गरीब परिवार में जन्म लेने के बावजूद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कभी कोई नकारात्मकता नहीं रखी और अपनी गरीबी को जरूरतमंदों के प्रति करुणा में बदल दिया तथा लोगों के कल्याण के लिए अथक कार्य किए हैं। शाह ने कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी ने करोड़ों गरीब लोगों को आवास, शौचालय, पानी, गैस और बिजली कनेक्शन, सस्ती कीमतों पर दवाइयां और मुफ्त राशन जैसी विभिन्न सुविधाएं प्रदान कर उनके जीवन को बदल दिया। गुजरात के दौरे पर आए शाह, मेहसाणा जिले में मोदी के गृहनगर वडनगर में तीन प्रमुख परियोजनाओं का उद्घाटन करने के बाद एक सभा को संबोधित कर रहे थे।

इन परियोजनाओं में एक पुनर्विकसित स्कूल भी शामिल है, जहां मोदी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की थी। वरिष्ठ भाजपा नेता ने कहा, 'मनोविज्ञान में यह पढ़ाया जाता है कि जिस बच्चे का बचपन गरीबी और अभाव में बीता है, वह नकारात्मकता से प्रेरित होता है। ऐसे बच्चों में विनाशकारी सोच भी विकसित होता है और वे बदले की भावना के साथ बड़े होते हैं। लेकिन, चाय बेचने वाले के एक परिवार में पैदा हुए मोदीजी ने अपनी गरीबी को जरूरतमंद लोगों के प्रति करुणा में बदल दिया।' शाह ने कहा, ‘जब उस गरीब बच्चे ने राज्य (मुख्यमंत्री के रूप में गुजरात) और फिर देश की बागडोर संभाली, तो उसके मन में कभी कोई नकारात्मकता नहीं आई। उन्होंने पूरे देश में गरीबों के कल्याण के लिए काम किया, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि किसी अन्य बच्चे को उस तरह की गरीबी का सामना न करना पड़े, जिसका उन्होंने सामना किया।' केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जीवन के शुरुआती वर्षों में प्रतिकूल परिस्थितियों का सामना करने के बावजूद, केवल ईश्वरीय कृपा वाला और प्रतिभाशाली बच्चा ही किसी भी नकारात्मकता को मन में रखे बिना पूरे समाज का कल्याण करने के बारे में सोच सकता है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!