नईदिल्ली (28 जून 24)। लोकसभा में शपथ लेने के बाद ‘जय फिलिस्तीन’ का नारा लगाकर AIMIM चीफ और हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी विवादों में घिर गए हैं। ओवैसी के दिल्ली स्थित आवास पर नेम प्लेट पर कालिख पोती गई। इसके साथ ही कुछ पोस्टर लगाए गए जिसमें ओवैसी के संसद में लगाए गए नारों का विरोध किया गया है। AIMIM सांसद ओवैसी ने खुद इस घटना की जानकारी दी है। बताया जा रहा है कि ओवैसी अपने परिवार के साथ घर से बाहर थे और जब वह वापस आए तो देखा कि आवास पर काली स्याही फेंकी गई है। इसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी दिल्ली पुलिस को दी। असदुद्दीन ओवैसी ने संसद भवन में जय फिलिस्तीन का नारा लगाया था। इसके विरोध में प्रदर्शनकारियों ने उनके आवास के बाहर नेम प्लेट पर कालिख पोत दी और पोस्टर चिपका दिए. पोस्टर पर ओवैसी की संसद सदस्यता रद्द करने की मांग की गई है और इजरायल को समर्थन व्यक्त किया गया है।दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आज रात करीब 9 बजे के आसपास सांसद ओवैसी की कोठी पर लगे नेम प्लेट पर कालिख पोती गई, साथ ही कुछ पोस्टर लगाए हैं। ये विरोध ओवैसी के संसद में दिए गए बयान को लेकर था। ओवैसी ने संसद भवन में ‘जय फिलिस्तीन’ बोला था। अब उसी बयान के विरोध में कुछ लोगों ने ओवैसी के नेम प्लेट पर कालिख दी है।