जम्मू (29 जून 26)। जम्मू कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश में श्री अमरनाथ जी यात्रा 2026 के शुभारंभ के अवसर पर ज्येष्ठ पूर्णिमा के पावन दिन सोमवार को तवी नदी के किनारे प्रथम पूजन का आयोजन किया गया। यह धार्मिक अनुष्ठान सुबह 9:30 बजे महा आरती स्थल पर शुरू हुआ। कार्यक्रम विश्व हिंदू परिषद के अंतर्राष्ट्रीय संरक्षक दिनेश चंद्र जी की विशिष्ट उपस्थिति तथा श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर महंत रामेश्वर दास जी के पावन आशीर्वाद में संपन्न हुआ।
विश्व हिंदू परिषद जम्मू-कश्मीर-लद्दाख के अध्यक्ष एवं श्री रघुनाथ जी कॉरिडोर विकास काउंसिल के अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे 29 जून से प्रतिदिन शाम 7:00 बजे तवी रिवर फ्रंट पर जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड के सहयोग से भव्य तवी महा आरती का आयोजन भी किया जाएगा। इस दैनिक धार्मिक आयोजन में भी सभी श्रद्धालुओं से परिवार सहित शामिल होने का आग्रह किया गया है। विश्व हिंदू परिषद के अनुसार, श्री अमरनाथ यात्रा के सफल, सुरक्षित और आध्यात्मिक वातावरण के लिए यह प्रथम पूजन विशेष महत्व रखता है। आयोजन के माध्यम से यात्रा की मंगलकामना के साथ प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि एवं शांति के लिए भी प्रार्थना की गई।
उषर जम्मू कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश में श्री अमरनाथ यात्रा-2026 के लिए जम्मू स्थित भगवती नगर यात्री निवास से श्रद्धालुओं का पहला जत्था 2 जुलाई की सुबह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पवित्र गुफा की ओर रवाना होगा। यह जत्था पहलगाम और बालटाल दोनों मार्गों के लिए निर्धारित सुरक्षा काफिलों के साथ प्रस्थान करेगा, जबकि यात्रा का विधिवत शुभारंभ 3 जुलाई से होगा। यात्रा को लेकर प्रशासन, पुलिस, अर्धसैनिक बलों तथा श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड ने सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। भगवती नगर आधार शिविर में सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य सेवाओं, आवास, पंजीकरण, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं का व्यापक प्रबंध किया गया है। हाल ही में सुरक्षा एजेंसियों ने काफिले की आवाजाही का ड्राई रन भी सफलतापूर्वक आयोजित किया। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर आधार शिविर पहुंचें, अपने पंजीकरण दस्तावेज और अनिवार्य पहचान पत्र साथ रखें तथा यात्रा के दौरान जारी सभी सुरक्षा और यातायात निर्देशों का पालन करें। इस वर्ष यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया गया है ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश में श्री अमरनाथ यात्रा 2026 के मद्देनजर जम्मू के तवी रिवर फ्रंट स्थित यात्रा बेस कैंप में श्रद्धालुओं के लिए ऑफलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो गई है। देशभर से पहुंच रहे श्रद्धालु यहां निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना पंजीकरण करवा रहे हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए पंजीकरण केंद्र पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच श्रद्धालुओं के दस्तावेजों की जांच, स्वास्थ्य संबंधी औपचारिकताओं और पंजीकरण की प्रक्रिया सुव्यवस्थित ढंग से संचालित की जा रही है।