चंडीपुर (22 अप्रैल 26)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण के मतदान से ठीक पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। चंडीपुर में अपनी अंतिम चुनावी रैली को संबोधित करते हुए शाह ने दावा किया कि बंगाल में बदलाव की लहर चल रही है और भाजपा की सरकार बनना तय है।
ममता बनर्जी पर सीधा निशाना साधते हुए अमित शाह ने कहा- 'यह पहले चरण के चुनाव की आखिरी रैली है और मैं चंडीपुर की धरती से दीदी को कहना चाहता हूँ- 'टाटा, बाय-बाय, आपका समय अब समाप्त हो चुका है।' आपने बंगाल की जनता को बहुत परेशान किया है, अब आपकी विदाई और भाजपा की एंट्री का समय है।' अमित शाह ने घुसपैठ के मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि 4 मई को नतीजे आने के बाद स्थितियां बदल जाएंगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि 'मैं घुसपैठियों से कहना चाहता हूँ कि 4 मई को गिनती है और 5 मई को भाजपा सरकार बनेगी। आप लोग जल्दी से बांग्लादेश जाने की तैयारी कर लें।' उन्होंने टीएमसी कार्यकर्ताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग हिंसा में शामिल हैं, उन्हें पाताल से भी ढूँढकर जेल भेजा जाएगा।