भोनगीर (09 मई 24)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तेलंगाना के दौरे पर हैं। उन्होंने भोनगीर लोकसभा क्षेत्र में चुनावी रैली को संबोधित किया। अमित शाह ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव राहुल गांधी बनाम नरेन्द्र मोदी हैं। ये चुनाव ‘जिहाद' के लिए वोट के खिलाफ विकास के लिए वोट को लेकर हैं। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि ये चुनाव मोदी की ‘भारतीय गारंटी' और राहुल गांधी की ‘चीनी गारंटी' के बीच हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, '2024 का चुनाव राहुल गांधी vs नरेंद्र मोदी का चुनाव है। यह चुनाव वोट फॉर जिहाद के विपरीत वोट फॉर विकास का चुनाव है। यह चुनाव राहुल गांधी की चाइनीज़ गारंटी के खिलाफ मोदी जी की भारतीय गारंटी का है।' कांग्रेस, भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) को ‘तुष्टीकरण की तिकड़ी' बताते हुए शाह ने कहा कि ये दल राम नवमी जुलूस नहीं निकालने देते और नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) का विरोध भी करते हैं। उन्होंने कहा, ‘ये लोग हैदराबाद मुक्ति दिवस (17 सितंबर) नहीं मनाने देते। ये लोग सीएए का विरोध करते हैं। ये लोग तेलंगाना को शरिया और कुरान के आधार पर चलाना चाहते हैं।'
अमित शाह ने कहा, 'कांग्रेस पार्टी अपने वादे पूरे नहीं करती है। हालांकि, पीएम मोदी अपने शब्दों पर कायम हैं। कांग्रेस पार्टी ने राम निर्माण रोक दिया 70 साल पुराना मंदिर, सिर्फ पांच साल में पीएम मोदी ने केस जीता, भूमि पूजन और प्राण प्रतिष्ठा की। पीएम मोदी ने धारा 370 खत्म की, ताकि अनंत काल तक कश्मीर में तिरंगा लहराता रहे।'