Thursday, 01 Oct 2026

'दिल्ली ने दिल खोलकर प्यार-समर्थन दिया': मोदी

नईदिल्ली (08 फरवरी 25)। दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी की प्रचंड जीत के बाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीजेपी मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। अपने संबोधन की शुरुआत उन्होंने यमुना मैया के जयकारे से की और दिल्लीवासियों का आभार व्यक्त किया। पीएम मोदी ने कहा कि दिल्ली ने दिल खोलकर हमें अपना प्यार और समर्थन दिया। 

पीएम मोदी ने कहा, 'मैंने दिल्ली से अपील की थी कि 21वीं सदी में बीजेपी को सेवा का अवसर दिया जाए और दिल्ली को एक विकसित भारत की राजधानी बनाने के लिए बीजेपी को मौका दिया जाए। दिल्लीवासियों ने मुझे भरोसा किया, इसके लिए मैं उनका सिर झुकाकर आभार व्यक्त करता हूं। दिल्ली ने दिल खोलकर हमें अपना प्यार और समर्थन दिया।' प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में दिल्ली की जनता का आभार जताया और कहा कि उनकी सरकार दिल्ली को और अधिक समृद्ध और विकसित बनाएगी। पीएम मोदी ने कहा, 'दिल्ली के लोगों का विश्वास और प्यार हमारे लिए एक बड़ा कर्ज है। अब, दिल्ली में डबल इंजन की सरकार होगी, जो तेजी से राज्य का विकास करेगी। प्रधानमंत्री ने इसे ऐतिहासिक विजय बताया और कहा कि दिल्ली के लोगों ने 'आप-दा' सरकार को बाहर कर दिया है। उनके मुताबिक, आज अहंकार और अराजकता की हार हुई है, और दिल्लीवासियों को 'आप-दा' से मुक्ति मिली है।'

भाजपा की जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'मैं देख रहा था कि देशभर के भाजपा कार्यकर्ताओं के दिल में भी एक पीड़ा थी। यह दिल्ली की पूरी तरह से सेवा नहीं कर पाने की पीड़ा थी। लेकिन आज दिल्ली ने हमारी इस प्रार्थना को भी स्वीकार कर लिया है। 21वीं सदी में पैदा हुए युवा अब पहली बार दिल्ली में भाजपा का सुशासन देखेंगे। आज के नतीजे दिखाते हैं कि देश को भाजपा की डबल इंजन सरकार पर कितना भरोसा है। लोकसभा चुनाव में उस जीत के बाद हमने पहले हरियाणा में अभूतपूर्व रिकॉर्ड बनाया, फिर महाराष्ट्र में नया रिकॉर्ड बनाया। अब दिल्ली में एक नया इतिहास रचा गया है।'

Tags:

Follow us

This question is not available..!