रायबरेली (21 मई 26)। वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ देश में बढ़ती महंगाई और ईंधन की कीमतों में आग लगी है, वहीं दूसरी तरफ प्रधानमंत्री देशवासियों को सादगी अपनाने की सलाह देकर खुद विदेश दौरे पर निकल गए हैं। राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर 'भारत की आर्थिक व्यवस्था को बेचने' का भी गंभीर आरोप लगाया।
लोधवारी (राही) में 'बहुजन स्वाभिमान सभा' को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री जनता को तो सोना न खरीदने और विदेश यात्रा न करने की नसीहत देते हैं, लेकिन खुद पांच देशों के दौरे पर चले जाते हैं। देश में जल्द ही एक बड़े 'आर्थिक तूफान' की चेतावनी दोहराते हुए उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार देश को इस संकट से नहीं बचा पाएगी। जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि 'नरेंद्र मोदी जनता से कहते हैं सोना मत खरीदो, विदेश मत जाओ, इलेक्ट्रिक वाहन चलाओ। लेकिन यह सब कहने के तुरंत बाद, नरेंद्र मोदी खुद हजारों करोड़ के विमान में बैठकर विदेश रवाना हो जाते हैं और जनता बेबसी से देखती रह जाती है। दूसरी तरफ, देश में एक बड़ा आर्थिक तूफान दस्तक दे रहा है। भयानक महंगाई आने वाली है, हर चीज के दाम बढ़ेंगे और खाद (फर्टिलाइजर) की भारी किल्लत होने वाली है।' उन्होंने आगे आरोप लगाया कि 'पीएम नरेंद्र मोदी ने भारत की आर्थिक व्यवस्था को बेच दिया है। उन्होंने इसे अंबानी, अडानी और अमेरिका के हाथों में सौंप दिया है। जब यह आर्थिक तूफान आएगा, तो पीएम मोदी और भारत सरकार आपको नहीं बचा पाएगी। वे रोएंगे और कहेंगे कि यह उनकी गलती नहीं है। लेकिन मैं आपको बता रहा हूं, गलती सिर्फ पीएम नरेंद्र मोदी, अमित शाह और आरएसएस की है, क्योंकि इन्होंने सब कुछ तबाह कर दिया है।'