Wednesday, 30 Sep 2026

'नाम लेते हैं छत्रपति शिवाजी का, काम औरंगजेब वाले': शिंदे

मुंबई (02 सितंबर 24)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार को अपने प्रतिद्वंद्वी और पूर्ववर्ती उद्धव ठाकरे पर तीखा हमला बोलते हुए उन पर औरंगजेब तथा अफजल खान के कार्यों का अनुकरण करने तथा छत्रपति शिवाजी महाराज के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया। शिंदे ने पत्रकारों के साथ बातचीत में 26 अगस्त को सिंधुदुर्ग के मालवन इलाके में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा के ढहने पर बयानबाजी को लेकर विपक्ष की आलोचना की। शिंदे ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, उपमुख्यमंत्रियों- देवेन्द्र फडणवीस और अजित पवार तथा खुद उनके इस ‘दर्दनाक' घटना के लिए माफी मांगने के बावजूद विपक्ष राजनीति कर रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासित कर्नाटक में छत्रपति शिवाजी महाराज की एक प्रतिमा को दो जेसीबी से उखाड़ दिया गया।

शिंदे ने कहा, ‘महाराष्ट्र के लोगों ने उन्हें (ठाकरे को) उनकी जगह दो साल पहले ही दिखा दी थी। आप नाम तो छत्रपति शिवाजी महाराज का लेते हैं, लेकिन आपके काम औरंगजेबी और अफजल खानी हैं।' उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की जनता विपक्ष को सबक सिखाएगी। सिंधुदुर्ग में शिवाजी महाराज की मूर्ति ढहाए जाने के विरोध में रविवार को मुंबई में महा विकास अघाड़ी के विरोध प्रदर्शन के दौरान यूबीटी सेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने रविवार को कहा कि महाराष्ट्र की आत्मा का अपमान किया गया है और लोग छत्रपति शिवाजी का अपमान करने वालों को कभी नहीं भूलेंगे। विरोध रैली को संबोधित करते हुए ठाकरे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा और कहा कि वह जहां भी हाथ रखते हैं, सत्य नष्ट हो जाता है।


Tags:

Follow us

This question is not available..!