Tuesday, 29 Sep 2026

'प्रशासन की लापरवाही से हुआ हाथरस भगदड़ कांड': राहुल गांधी

हाथरस (05 जुलाई 24)। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने हाथरस में भगदड़ की घटना के संबंध में शुक्रवार को कहा कि प्रशासन की ओर से चूक हुई थी। राहुल गांधी ने हाथरस कांड के लिए प्रशासन की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया। कांग्रेस नेता ने साथ ही कहा कि वह इसे 'राजनीतिक' रंग नहीं देना चाहते। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के फुलरई गांव में 2 जुलाई को एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान मची भगदड़ में 121 लोगों की मौत हो गई तथा कई अन्य घायल हो गए।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, हाथरस में शुक्रवार को सुबह पीड़ित परिवारों से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में गांधी ने कहा कि यह दुख की बात है कि इतने परिवारों को कष्ट सहना पड़ा, इतने लोगों ने अपनी जान गंवा दी।' वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा कि मैं राजनीतिक नजरिए से बात नहीं करना चाहता, लेकिन प्रशासन की ओर से कुछ चूक हुई है। उन्होंने हाथरस में भगदड़ में जान गंवाने वालों के परिजनों से सुबह मुलाकात की।

बताया जा रहा है कि राहुल गांधी सुबह दिल्ली से सड़क मार्ग से हाथरस के लिए रवाना हुए थे। उनके साथ कांग्रेस की राज्य इकाई के अध्यक्ष अजय राय, पार्टी की प्रदेश इकाई के प्रभारी अविनाश पांडे, पार्टी प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत और अन्य पदाधिकारी भी थे। वह सुबह करीब 9 बजे हाथरस के विभव नगर कॉलोनी के ग्रीन पार्क पहुंचे। पार्क के अंदर परिवारों से बातचीत के दौरान गांधी के साथ राय और स्थानीय जिला अध्यक्ष चंद्रगुप्त विक्रमादित्य भी मौजूद थे। 




Tags:

Follow us

This question is not available..!