Thursday, 01 Oct 2026

'बीते 10 वर्षों से दिल्ली एक बड़ी आप-दा से घिरी': मोदी

नईदिल्ली (04 जनवरी 25)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को राजधानी दिल्ली के अशोक विहार स्थित स्वाभिमान अपार्टमेंट में इन-सीटू स्लम पुनर्वास परियोजना के अंतर्गत झुग्गी झोपड़ी (जेजे) समूहों के निवासियों के लिए 1,675 नवनिर्मित फ्लैटों का उद्घाटन किया और पात्र लाभार्थियों को चाबियां भी सौंपी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा,'मैंने चार करोड़ लोगों को घर देकर उनके सपने पूरे किए, अपने लिए कभी घर नहीं बनाया, मैं भी शीश महल बनवा सकता था।' अशोक विहार के रामलीला मैदान में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'झुग्गी-झोपड़ियों के बजाय पक्के मकान आत्मसम्मान और नई आशा का प्रतीक हैं। वर्ष 2025 भारत के लिए अनेक अवसर लेकर आएगा, नया साल भारत की वैश्विक छवि को और मजबूत करेगा। दिल्ली सरकार ने 10 साल में शिक्षा को बहुत नुकसान पहुंचाया, समग्र शिक्षा निधि की आधी राशि भी खर्च नहीं कर पाई।'

पीएम नरेंद्र मोदी ने दिल्ली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, 'आजादी के बाद भी ऐसे काम (नई शिक्षा नीति) नहीं हुए, 'लेकिन आपके सेवक ने कर दिया। वीर सावरकर के नाम पर नजफगढ़ में एक नया कॉलेज बनने जा रहा है। जो लोग पिछले 10 सालों से दिल्ली की सत्ता में हैं - उन्होंने स्कूली शिक्षा को नुकसान पहुंचाया है। केंद्र सरकार ने दिल्ली को जो पैसा दिया है - दिल्ली की मौजूदा सरकार ने उसका आधा पैसा भी शिक्षा पर खर्च नहीं किया है।' उन्होंने केजरीवाल पर कटाक्ष करते हुए कहा, ‘बीते 10 वर्षों से दिल्ली एक बड़ी ‘आप-दा' से घिरी है। अन्ना हजारे जी को सामने करके कुछ कट्टर बेईमान लोगों ने दिल्ली को आप-दा में धकेल दिया। शराब के ठेकों में घोटाला, बच्चों के स्कूल में घोटाला, गरीबों के इलाज में घोटाला, भर्तियों के नाम पर घोटाला... ये लोग दिल्ली के विकास की बात करते थे, लेकिन ये लोग आप-दा बनकर दिल्ली पर टूट पड़े हैं।' मोदी ने आप नेताओं पर ‘खुले आम' भ्रष्टाचार का आरोप लगाया और कहा कि इसके साथ ही वे उसका महिमामंडन भी करते हैं।










Tags:

Follow us

This question is not available..!