Thursday, 01 Oct 2026

'भाजपा वह माचिस है, जिसने मणिपुर को जला दिया': खरगे

नईदिल्ली (04 जनवरी 25)। मणिपुर में ताजा हिंसा भड़कने के बाद कांग्रेस ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा और कहा कि वह 'राजधर्म' का पालन नहीं करने की संवैधानिक जिम्मेदारी से बच नहीं सकते। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक्स पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि सीमावर्ती राज्य को उबलते रहने में भाजपा का निहित स्वार्थ है। उन्होंने अपने पोस्ट में कहा, 'भाजपा वह माचिस है जिसने मणिपुर को जला दिया!' उन्होंने नवीनतम हिंसा के बारे में एक समाचार रिपोर्ट का स्क्रीनशॉट भी साझा किया।

कांग्रेस अध्यक्ष ने पोस्ट में कहा, 'नरेंद्र मोदी जी, मणिपुर में आपकी पिछली यात्रा जनवरी 2022 में भाजपा के लिए वोट मांगने के लिए थी। राज्य में 3 मई 2023 को हिंसा भड़की।' उन्होंने कहा, '600 दिन से अधिक समय बीत चुका है और सैटेलाइट तस्वीरों के माध्यम से मीडिया रिपोर्टों से अब पता चला है कि राज्य में गांव के गांव मिट गए हैं।' खरगे ने कहा कि हाल ही में ताजा हिंसा तब देखी गई जब भीड़ ने कांगपोकपी जिले के पुलिस अधीक्षक पर हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गए। उन्होंने आरोप लगाया, 'आपके अक्षम और बेशर्म मुख्यमंत्री ने खेद व्यक्त किया है, लेकिन राज्य में आपकी अनुपस्थिति को सुविधाजनक ढंग से उजागर किया है।' खरगे ने दावा किया, 'हम पूरी जिम्मेदारी के साथ दोहरा रहे हैं कि भाजपा के पास इस खूबसूरत सीमावर्ती राज्य को उबलता रखने के लिए कुछ निहित स्वार्थ हैं, जिसमें 250 से अधिक निर्दोष लोग मारे गए हैं और 60,000 लोग विस्थापित हुए हैं। लोग 20 महीनों से अभी भी शिविरों में रह रहे हैं।'



Tags:

Follow us

This question is not available..!