न्यूयार्क (23 सितंबर 24)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि उन्होंने अपने तीसरे कार्यकाल में देश को विकसित राष्ट्र बनाने का बहुत महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत आज अवसरों की भूमि है। मोदी ने न्यूयॉर्क में हजारों भारतीय अमेरिकियों को संबोधित करते हुए कहा, 'इस कठिन चुनाव प्रक्रिया, इस लंबी चुनाव व्यवस्था से गुजरने के बाद, भारत में (इस वर्ष) कुछ अभूतपूर्व हुआ। क्या हुआ...'अबकी बार मोदी सरकार।” उन्होंने कहा, '60 साल में पहली बार भारत के लोगों ने ऐसा जनादेश दिया है जिसका बहुत महत्व है। अपने तीसरे कार्यकाल के दौरान मुझे बहुत महत्वाकांक्षी लक्ष्य हासिल करने हैं। हमें तीन गुना ताकत के साथ आगे बढ़ना है।' भारत और अमेरिका के बीच संबंधों को मजबूत करने में भारतीय-अमेरिकियों की भूमिका की सराहना करते हुए मोदी ने उन्हें भारत का ‘ब्रैंड एंबेसडर' बताया। उन्होंने संस्कृत के एक श्लोक का उल्लेख किया और कहा कि भारतीय प्रवासी जहां कहीं भी रहते हैं, वे हर क्षेत्र में सामाजिक और राष्ट्र के विकास में योगदान देते हैं। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने विश्व भर में, खासकर भारत और अमेरिका में लोकतंत्र के उत्सव पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, 'भारत में चुनाव संपन्न हो चुके हैं, जबकि अमेरिका में अभी प्रक्रिया चल रही है। भारत में हाल में संपन्न हुए चुनाव मानव इतिहास में अब तक के सबसे बड़े चुनाव थे। जब हम भारत के लोकतंत्र के पैमाने को देखते हैं, तो हमें और भी अधिक गर्व होता है।'