कोलकाता (18 फरवरी 25)। कांग्रेस पार्टी की हार के बाद, विशेषकर लोकसभा और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों में, विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A में नेतृत्व को लेकर नए सवाल उठने लगे हैं। इस बीच तृणमूल कांग्रेस के सांसद कीर्ति आजाद ने एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी, जिन्हें दीदी के नाम से भी जाना जाता है, जल्द ही I.N.D.I.A ब्लॉक की अध्यक्ष बन सकती हैं। कीर्ति आजाद का यह बयान गठबंधन में नेतृत्व के मुद्दे पर नई बहस को जन्म दे सकता है।
कीर्ति आजाद ने कहा कि ममता बनर्जी के खिलाफ कोई भी व्यक्ति पश्चिम बंगाल में चुनाव लड़ेगा, तो उसे हार का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने यह भी भरोसा जताया कि आने वाले समय में ममता बनर्जी I.N.D.I.A ब्लॉक की अध्यक्ष बनेंगी और देश का नेतृत्व भी करेंगी। कीर्ति आजाद ने ममता की राजनीतिक ताकत और उनकी बढ़ती स्वीकार्यता का उल्लेख करते हुए, यह दावा किया कि दीदी का नेतृत्व गठबंधन के लिए फायदेमंद साबित होगा। इस बीच, कीर्ति आजाद ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भारतीय जनता पार्टी के नेताओं पर भी निशाना साधा। RSS प्रमुख मोहन भागवत के एक बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए आजाद ने कहा कि संघ और बीजेपी के पास केवल जुमले हैं और उनका काम लोगों को गुमराह करना है।