Wednesday, 30 Sep 2026

'मुझे पद की कोई लालसा नहीं, लोगों के लिए इस्तीफा देने को तैयार': ममता

कोलकाता (13 सितंबर 24)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि उन्हें पद की कोई लालसा नहीं है। उन्होंने कहा कि मैं आरजी कर अस्पताल की डॉक्टर की हत्या मामले में भी न्याय चाहती हूं। वह लोगों के लिए इस्तीफा देने को तैयार हैं। ममता बनर्जी गुरुवार शाम प्रदर्शन कर रहे जूनियर डॉक्टरों के साथ मुलाकात के लिए पहुंची थीं। इस दौरान डॉक्टर मीटिंग की लाइव स्ट्रीमिंग की मांग पर अड़े रहे, लेकिन मामला सुप्रीम कोर्ट में होने के कारण यह संभव नहीं था। ऐसे में जूनियर डॉक्टर ममता से मिलने नहीं आए। यह मीटिंग फेल होने के बाद ममता बनर्जी ने अपने इस्तीफे की बात कही है। उन्होंने कहा कि वह आरजी कर मेडिकल कॉलेज की डॉक्टर के हत्या का इंसाफ चाहती हैं। 

ममता ने कहा कि हमें उम्मीद थी कि बच्चे लोग आएंगे और अपना दर्द बताएंगे और काम में शामिल होंगे। बंगाल की जनता से माफी मांगते हुए हमें उम्मीद थी कि आज समस्या का समाधान हो जाएगा। मैंने जूनियर डॉक्टरों से बात करने की पूरी कोशिश की। मैंने अपने उच्च अधिकारियों के साथ 3 दिनों तक इंतजार किया। आरजी कर मामला अदालत में है, इसलिए जूनियर डॉक्टरों की मांग के अनुसार उनके साथ बैठक का सीधा प्रसारण नहीं किया जा सकता। हमारे पास जूनियर डॉक्टरों के साथ बैठक की वीडियो रिकॉर्डिंग की व्यवस्था थी, हम सुप्रीम कोर्ट की अनुमति से इसे उनके साथ साझा कर सकते थे। हमने दो घंटे तक जूनियर डॉक्टरों का इंतजार किया, लेकिन वह नहीं आए। ममता ने कहा कि मैं आंदोलनकारी जूनियर डॉक्टरों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करूंगी, उन्हें माफ कर दूंगी क्योंकि हम बड़े हैं। मैं बंगाल के लोगों से माफी मांगती हूं, जिन्हें उम्मीद थी कि आज आरजी कर गतिरोध खत्म हो जाएगा। उन्होंने कहा कि जूनियर डॉक्टरों के ‘काम बंद' करने से 27 लोगों की मौत हुई, सात लाख मरीज परेशान हैं। 

Tags:

Follow us

This question is not available..!