Monday, 28 Sep 2026

'मेरी उंगली पकड़कर राजनीति में आए मोदी': पवार

शिरूर (30 अप्रैल 24)। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के प्रमुख शरद पवार ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘भटकती आत्मा' वाले तंज पर पलटवार करते हुए कहा कि उनकी आत्मा किसानों और आम आदमी के कारण ‘अस्वस्थ' है और इन लोगों की पीड़ा को उजागर करने के लिए वह ‘100 बार' बेचैन होने के लिए तैयार है। प्रधानमंत्री मोदी ने नाम लिए बगैर सोमवार को एक रैली में शरद पवार पर निशाना साधते हुए कहा था, ‘महाराष्ट्र में एक भटकती आत्मा है। यदि इसे सफलता नहीं मिलती तो यह दूसरों के अच्छे काम को खराब कर देती है। महाराष्ट्र इसका शिकार रहा है।'

एक चुनावी सभा को मंगलवार को संबोधित करते हुए पवार ने प्रधानमंत्री मोदी के 2016 के उस बयान को याद किया जो उनकी (पवार की) उंगली पकड़कर राजनीति में आने के बारे में था। पवार ने कहा, ‘‘कुछ साल पहले प्रधानमंत्री मोदी ने पुणे में एक भाषण दिया था जिसमें कहा गया था कि वह (मोदी) पवार साहब की उंगली पकड़कर राजनीति में आए थे। कल उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में एक ‘भटकती आत्मा' 45 साल से बेचैनी पैदा कर रही है।'' पवार ने कहा कि हां मैं किसानों का दर्द बताने के लिए भटकता हूं। मैं महंगाई से परेशान आम आदमी का दर्द बताने के लिए भटकता हूं।  

Tags:

Follow us

This question is not available..!