श्रीनगर (21 जून 24)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को श्रीनगर से 10वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह का नेतृत्व किया और दुनिया भर में लाखों लोगों ने इस अवसर को मनाने के लिए योगा अभ्यास शुरू किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर योग साधना की भूमि है। पीएम मोदी ने योग कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मैं अब दुनिया में जहां भी जाता हूं, वैश्विक नेता अब योग की बातें करते हैं। जिसे भी मौका मिलता है, वह योग की चर्चा शुरू कर देता है। दुनियाभर से लोग ऑथेंटिक योग सीखने भारत आते हैं। आज पूरी दुनिया में योग करने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। लोगों में योग के प्रति आकर्षण बढ़ा है। पीएम मोदी ने विशाल योग सत्र का नेतृत्व किया, जिसमें 7,000 से अधिक अन्य प्रतिभागी शामिल हुए।