नईदिल्ली (18 जुलाई 25)। केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने गुरुवार को स्पष्ट किया कि भारत अब तेल आयात के लिए किसी एक देश पर निर्भर नहीं है। उन्होंने कहा कि देश ने अपनी तेल आपूर्ति के स्रोतों में पर्याप्त विविधता ला दी है, जिससे अमेरिका द्वारा रूस पर संभावित प्रतिबंधों की धमकी का भारत पर कोई खास प्रभाव नहीं पड़ेगा।
ऊर्जा वार्ता 2025 के दौरान केंद्रीय मंत्री पुरी ने कहा कि भारत अब 40 से अधिक देशों से कच्चा तेल खरीदता है, जबकि वर्ष 2007 में यह संख्या महज 27 थी। उन्होंने कहा, 'आज वैश्विक बाजार में तेल की कोई कमी नहीं है। ईरान और वेनेजुएला जैसे देश अभी प्रतिबंधों के अधीन हैं, लेकिन यह हमेशा के लिए नहीं रहेगा। ब्राजील, कनाडा जैसे देश उत्पादन बढ़ा रहे हैं। हम अपनी आपूर्ति को लेकर अनावश्यक रूप से चिंतित नहीं हैं क्योंकि हमने स्रोतों में विविधता ला दी है।' हरदीप पुरी का यह बयान अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस चेतावनी के बाद आया है जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर यूक्रेन युद्ध के मसले पर 50 दिनों में कोई समाधान नहीं निकलता, तो वे रूस पर गंभीर व्यापारिक प्रतिबंध लगाएंगे। ट्रंप ने रूसी तेल खरीदने वाले देशों, खासकर भारत और चीन को भी सेकेंडरी सैंक्शन की चेतावनी दी थी। ट्रंप की धमकियों पर प्रतिक्रिया देते हुए पुरी ने कहा, 'कुछ बयान राजनीतिक होते हैं और विवाद सुलझाने के मकसद से दिए जाते हैं। लेकिन भारत की रूस से तेल खरीद ने वैश्विक बाजार में तेल की कीमतों को स्थिर बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई है।'