नईदिल्ली (29 अगस्त 24)। गुजरात में बीते चार दिनों से भारी बारिश का दौर लगातार जारी है। वर्षा से जुड़ी घटनाओं में नौ और लोगों की मौत हो गई, जिससे दो दिनों में मरने वालों की संख्या 16 हो गई, जबकि 8,500 अन्य लोगों को बाढ़ प्रभावित इलाकों से निकाला गया और बचाया गया। इसी बीच, राहुल गांधी ने सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील है कि वो प्रभावित लोगों की और राहत एवं बचाव कार्य में प्रशासन की हर संभव सहायता करें।
राहुल गांधी ने एक्स पर ट्वीट कर कहा, 'गुजरात में बाढ़ की स्थिति दिन प्रतिदिन और भयंकर होती जा रही है। इस आपदा में जिन परिवारों ने अपनों को खोया है, जिनकी संपत्ति का नुकसान हुआ है, उनके प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की आशा करता हूं। सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील है कि वो प्रभावित लोगों की और राहत एवं बचाव कार्य में प्रशासन की हर संभव सहायता करें। सरकार से अपेक्षा है कि इस आपदा के प्रकोप को कम करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए, ताकि प्रभावित लोग जल्दी से जल्द पुनर्निर्माण और पुनर्वास की दिशा में बढ़ सकें।' वहीं, अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को लगातार चौथे दिन राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश हो रही है। अधिकारी राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), उसके राज्य समकक्ष एसडीआरएफ, सेना, भारतीय वायु सेना और भारतीय तटरक्षक बल की मदद से राहत और बचाव अभियान चला रहे हैं।