Thursday, 01 Oct 2026

'राहुल गांधी मेरे करीब आए, जोर से चिल्लाए': सांसद कोन्याक का आरोप

नईदिल्ली (19 दिसंबर 24)। राज्यसभा में नगालैंड की भाजपा सदस्य फान्गनॉन कोन्याक ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि वह जब संसद के मकर द्वार के पास अन्य सांसदों के साथ प्रदर्शन कर रही थीं तभी लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी उनके समीप आ गये और उन पर चिल्लाने लगे। कोन्याक ने दोपहर दो बजे सदन की बैठक फिर शुरू होने पर आसन की अनुमति से अपनी बात रखी और यह आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि वह इस घटना को बहुत ही दुखी मन से बयान कर रही हैं। उन्होंने बताया कि संसद के मकर द्वार की सीढ़ियों के नीचे सांसदों का प्रदर्शन बहुत ही शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा था। उन्होंने कहा, ‘इसी दौरान मेरे साथ कुछ ऐसा हुआ जिसे मैं बहुत निराशा के साथ बता रही हूं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जी मेरे समीप आ गये, जिससे मैं बहुत असहज महसूस करने लगी। उन्होंने मुझ पर चिल्लाना शुरू कर दिया।' भाजपा सदस्य ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष द्वारा ऐसा किया जाना बहुत ही गलत था। उन्होंने कहा, ‘ऐसा नहीं है कि मैं अपना बचाव नहीं कर सकती थी... मैं उनके इस व्यवहार से बहुत निराश हो गयी। किसी भी महिला, विशेषकर नगालैंड से आने वाली महिला के साथ इस तरह का व्यवहार नहीं किया जाना चाहिए। मुझे आपका (सभापति का) संरक्षण चाहिए।' कोन्याक नगालैंड से राज्यसभा के लिए चुनी गई पहली महिला सदस्य हैं।

Tags:

Follow us

This question is not available..!