नईदिल्ली (22 फरवरी 25)। कांग्रेस पार्टी ने शनिवार को एयरलाइन और रेलवे सेक्टर में यात्रियों को हो रही परेशानियों को लेकर केंद्र सरकार पर तंज कसा। कांग्रेस ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के एयर इंडिया की फ्लाइट में असुविधा का हवाला देते हुए कहा कि सरकार ने हर सेक्टर की हालत खराब कर दी है। पार्टी ने आरोप लगाया कि यात्री ट्रेनों और विमानों में परेशान हैं, लेकिन सरकार कोई सुधार नहीं कर रही है। कांग्रेस ने यह टिप्पणी तब की, जब केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एयर इंडिया की खराब सेवाओं पर चिंता जताई और एयरलाइन के प्रबंधन से सवाल किए।
कांग्रेस पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि यात्री ट्रेनों और विमानों में परेशान हैं, लेकिन सरकार इस पर ध्यान नहीं दे रही है। पार्टी ने लिखा, 'यात्री परेशान हैं, वे शिकायत करते रहते हैं और वीडियो बनाते रहते हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती। अब जब शिवराज जी को समस्या हुई है, तो वे ट्वीट कर रहे हैं- शायद अब कुछ कार्रवाई हो।' कांग्रेस ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि स्थिति में कोई सुधार नहीं होने वाला, क्योंकि हर निर्णय ऊपर से लिया जाता है और ऊपर ‘सब चंगा सी’ का ढोल पीटने में ही सरकार व्यस्त है। जबकि लोग परेशान हो रहे हैं और सरकार उनकी समस्या पर ध्यान नहीं दे रही। इससे पहले केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एयर इंडिया की सेवाओं पर सवाल उठाए। उन्होंने एक्स पर पोस्ट में लिखा कि उन्हें लगा था कि टाटा के पास एयर इंडिया का प्रबंधन जाने के बाद सेवाएं सुधर जाएंगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।