रायबरेली (12 सितंबर 25)। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को कहा कि 'वोट चोर, गद्दी छोड़' का नारा पूरे देश में प्रभावी सिद्ध हुआ है और पार्टी इसे 'और भी प्रभावशाली तरीकों से' स्थापित करेगी। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी दो दिवसीय दौरे पर अपनी संसदीय क्षेत्र रायबरेली पहुंचे हैं। इससे पहले वह दिन में लखनऊ के चौधरी चरण सिंह हवाई अड्डा पहुंचे, जहां कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया।
एक कार्यक्रम स्थल में प्रवेश करने से पहले पत्रकारों से बातचीत में गांधी ने कहा, 'मुख्य नारा 'वोट चोर, गद्दी छोड़' है और यह पूरे देश में प्रभावी सिद्ध हुआ है। आने वाले समय में हम इसे बार-बार और भी प्रभावशाली तरीकों से साबित करेंगे।' देदौली में हरचंदपुर विधानसभा के पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए, गांधी ने महाराष्ट्र और कर्नाटक में कथित 'वोट चोरी' की घटनाओं का ज़िक्र किया। हालांकि मीडिया को कार्यक्रम में जाने की अनुमति नहीं थी, लेकिन 'पीटीआई-भाषा' को पता चला है कि कांग्रेस नेता ने कहा कि लोकसभा चुनावों के बाद हुए महाराष्ट्र और कर्नाटक विधानसभा चुनावों में वोट चोरी के 'स्पष्ट' सबूत मौजूद हैं। बिहार में अपने हालिया चुनावी दौरे का ज़िक्र करते हुए, गांधी ने यह भी दावा किया कि वहां भी इसी तरह की अनियमितताएं देखी गईं। उन्होंने आरोप लगाया, 'कुछ लोग जो जीवित हैं, उनके नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। रिकॉर्ड में उन्हें जीवित नहीं माना जा रहा है।' पार्टी नेताओं ने कहा कि दौरे के दौरान गांधी विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे और विकास परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे।