Thursday, 01 Oct 2026

'सपा के 25-26 सांसद टूटने को तैयार': केशव मौर्य

लखनऊ (18 जून 26)। उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच जारी राजनीतिक टकराव के बीच उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का एक बयान नई चर्चा का विषय बन गया है। कानपुर में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान मौर्य ने न सिर्फ भाजपा की चुनावी संभावनाओं को लेकर बड़ा दावा किया, बल्कि समाजवादी पार्टी के कई सांसदों के संपर्क में होने की बात कहकर राजनीतिक गलियारों में हलचल भी बढ़ा दी।

भाजपा दक्षिण द्वारा साकेत नगर स्थित मंदाकिनी होटल में आयोजित प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता विकास, सुशासन और बेहतर कानून व्यवस्था के कारण भाजपा के साथ खड़ी है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी और विपक्षी दलों के गठबंधन का भी कोई असर नहीं पड़ेगा। मौर्य ने कहा कि समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस चाहे अलग-अलग चुनाव लड़ें या साथ आएं, भाजपा रिकॉर्ड मतों से जीत हासिल करेगी। केशव मौर्य ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि 2027 के बाद उसका राजनीतिक प्रभाव काफी सीमित हो जाएगा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सपा नेताओं को सैफई का चश्मा उतारकर कानपुर का चश्मा लगाना चाहिए, तभी उन्हें प्रदेश में हुए विकास कार्य दिखाई देंगे। उनके मुताबिक भाजपा सकारात्मक राजनीति और विकास के एजेंडे पर काम करती है, जबकि विपक्ष केवल भ्रम फैलाने में लगा है। कानपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान उपमुख्यमंत्री ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के 25 से 26 सांसद भाजपा के संपर्क में हैं और वे पार्टी छोड़ने को तैयार हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा किसी दल को तोड़ने की राजनीति नहीं करती। उन्होंने कहा कि जिन राजनीतिक दलों में टूट हो रही है, उसमें भाजपा की कोई भूमिका नहीं है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!