इंदौर (15 दिसंबर 24)। जावरा कम्पाउण्ड स्थित भाजपा कार्यालय पर मप्र में भारतीय जनता पार्टी की डॉ. मोहन यादव जी के नेतृत्व वाली सरकार का एक साल पूर्ण होने पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास, श्रम मंत्री प्रहलाद पटेल ने पत्रकार-वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में गठित भाजपार की सरकार ने सफल एवं सार्थक एक वर्ष पूर्ण कर लिया है। सरकार का यह प्रथम वर्ष मध्य प्रदेश में सुशासन, विकास और विरासत के संवर्धन के लिए समर्पित रहा है। हमारी सरकार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के मंत्र 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के साथ गौरवशाली सम्पन्न एवं विकसित मध्यप्रदेश की संकल्पना को साकार करने का ईमानदार प्रयास किया हैं। एक वर्ष के कार्यकाल में प्रदेश की उन्नति के लिये किसान, गरीब, महिला और युवाओं के लिये सफलता के द्वार खोल दिये हैं, इससे इन वर्गों के जीवन में अभूतपूर्व परिवर्तन आया है।' इस अवसर पर नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे, विधायक रमेश मेंदोला, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, जिला अध्यक्ष चिन्टू वर्मा, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी दीपक जैन टीनू, प्रदेश प्रवक्ता नरेन्द्र सलूजा, सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक प्रदीप नायर, मीडिया प्रभारी रितेश तिवारी, सह मीडिया प्रभारी नितीन द्विवेदी मुख्य रूप से उपस्थित थे।