मथुरा (18 मई 26)। उत्तर प्रदेश के मथुरा-वृंदावन के कथावाचक स्वामी अनिरुद्धाचार्य महाराज ने नीट (NEET) परीक्षा के पेपर लीक मामले पर एक बड़ा और विवादित बयान दिया है। महाराज ने इस पूरे प्रकरण को सरकार की नीयत से जोड़ते हुए कड़ी आलोचना की है, जिससे अब राजनीतिक गलियारों और सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है।
एक कथा के दौरान जब एक श्रद्धालु ने पेपर लीक और छात्रों की बदहाली पर सवाल किया, तो स्वामी अनिरुद्धाचार्य ने दोटूक अंदाज में कहा, 'सरकार चाहती है कि आप पढ़ो मत। क्योंकि, आप पढ़-लिख जाएंगे तो नौकरी मांगने लग जाएंगे'। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की मंशा यह है कि युवा बिना पढ़े-लिखे रहें और महीने का 1000-5000 रुपये लेकर ही खुश रहें। महाराज ने वर्तमान व्यवस्था पर तंज कसते हुए कहा कि आज के समय में छात्र पढ़ाई करते हैं और परीक्षा देते हैं, लेकिन बाद में पता चलता है कि पेपर लीक हो गया और एग्जाम कैंसिल कर दिया गया। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा, 'अब पता नहीं अगला एग्जाम कब होगा? तब तक युवाओं की उम्र निकल चुकी होगी'। उन्होंने इस पूरी प्रक्रिया को देश का एक बड़ा 'घोटाला' करार दिया।
दरअसल, यह बयान एक भक्त के उस सवाल के जवाब में आया जिसमें नीट परीक्षा रद्द होने के कारण लाखों युवाओं की परेशानी और कुछ छात्रों द्वारा आत्महत्या किए जाने का जिक्र किया गया था। भक्त ने कहा था कि छात्रों ने बड़ी मेहनत की और पैसा खर्च किया, लेकिन पेपर लीक होने से वास्तविक काबिल छात्रों का भारी नुकसान हुआ है, जिस पर सरकार को तत्काल कड़ा एक्शन लेना चाहिए।