Wednesday, 30 Sep 2026

'हम बंटे थे, तो कटे थे, इसलिए 500 वर्ष तक अयोध्या में इंतजार करना पड़ा'

मिर्जापुर (23 सितंबर 24)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि 'हम बंटे थे तो कटे थे', इसलिए पांच सौ वर्ष तक अयोध्या (राम मंदिर निर्माण) में इंतजार करना पड़ा। योगी ने प्रदेश की पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि जाति का 'नंगा' खेल खेलने वाले लोग माफिया व दुर्दांत अपराधियों और दंगाइयों के सामने नाक रगड़ते थे।

यहां जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को मिर्जापुर जिले के गोपालपुर, विकासखंड पहाड़ी में 765 करोड़ की 127 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास करने के बाद आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए कहा, 'अब अयोध्या धाम भी जगमगा रहा है। भगवान रामलला के भव्य मंदिर का निर्माण हो चुका है, लेकिन ऐसी स्थिति क्यों हुई कि हमें अयोध्या में पांच सौ वर्ष तक इंतजार करना पड़ा।' उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, 'प्रभु रामलला के भव्य मंदिर को तोड़कर आक्रांताओं ने क्यों गुलामी का ढांचा खड़ा कर दिया था। उसका कारण एक ही है, हम बंटे थे, इसलिए कटे थे।' योगी ने सलाह दी कि 'बंटिए मत, बल्कि एकजुट होकर विकास व सुरक्षा के माहौल में आगे बढ़िए।' उन्होंने भरोसा दिया कि 'डबल इंजन की सरकार हर सुख दुख में आमजन के साथ खड़ी होकर वर्तमान को सुधारेगी और भविष्य को भी उज्ज्वल बनाने की प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।'

Tags:

Follow us

This question is not available..!