Wednesday, 30 Sep 2026

'100 दिन में विपक्ष ने मुझे बहुत अपमानित किया': मोदी

गांधीनगर (17 सितंबर 24)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मेरे तीसरे कार्यकाल के पहले 100 दिन में विपक्ष ने मेरा मजाक उड़ाया और अपमानित किया। मैंने फैसला किया कि किसी भी अपमान पर प्रतिक्रिया नहीं दूंगा, बल्कि 100 दिन के अपनी सरकार के एजेंडे को पूरा करना तय किया। पीएम मोदी ने कहा कि हमारे देश के लिए यह स्वर्णिम समय है, हम अगले 25 वर्षों में भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाएंगे। मोदी ने कहा कि नकारात्मकता से भरे कुछ लोग भारत की एकता और अखंडता को निशाना बना रहे हैं, वे देश को बांटना चाहते हैं। नफरत से भरे लोग भारत और गुजरात को बदनाम करने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे।

मोदी ने कहा कि वह तीसरे कार्यकाल में शपथ लेने के बाद पहली बार गुजरात आए हैं जो उनकी जन्मभूमि है और जीवन की अनेक शिक्षाएं भी गुजरात ने दी हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बार गुजरात आने में देरी इसलिए हुई क्योंकि वह राष्ट्र प्रथम के संकल्प से बंधे हैं और तीसरे कार्यकाल में 100 दिन के एजेंडे को पूरा करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी थी। उन्होंने कहा कि इन 100 दिनों में उनका मज़ाक, मखौल उड़ाया गया और तरह-तरह के आरोप लगाए गए। लेकिन वह मज़ाक मखौल और अपमान सहते हुए जनता के कल्याण के लिए योजनाओं पर काम करते रहे। उन्होंने कहा कि 100 दिनों में 15 लाख करोड़ रुपये से अधिक के बुनियादी ढांचे की परियोजनाओं को शुरू किया तथा 70 वर्ष से ऊपर के सभी बुजुर्गों को पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा दी। इससे मध्यम वर्ग के लोगों को राहत मिली है। इसके अलावा किसानों के हितों के लिए अनेक कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि विदेशों में भारत की वाहवाही हो रही है। दुनिया में हर कोई भारतीयों का स्वागत कर रहा है। हर कोई भारत से अच्छा रिश्ता बनाना चाहता है।


Tags:

Follow us

This question is not available..!