देवास (27 अक्टूबर 25)। अंतर्राष्ट्रीय जूजुत्सू खिलाड़ी रोहिणी कलम (35) ने रविवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने एशियाई खेलों में देश का प्रतिनिधित्व किया था और कई अंतर्राष्ट्रीय पदक भी जीते। पुलिस के अनुसा रविवार सुबह अर्जुन नगर, राधागंज क्षेत्र स्थित आवास पर जब उनकी छोटी बहन रोशनी उठीं तो देखा कि रोहिणी का शव फंदे पर लटका था। परिजन तुरंत उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के समय उनकी मां अपनी एक अन्य बेटी के साथ मंदिर दर्शन के लिए बाहर गई हुई थीं, जबकि पिता भी किसी कार्य से घर से बाहर थे।
घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक दृष्टि में यह मामला मानसिक तनाव या निजी कारणों से जुड़ा हो सकता है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। रोहिणी ने जीते कई अंतरराष्ट्रीय पदक रोहिणी कलम ने भारत का प्रतिनिधित्व एशियाई खेलों (हांगझोऊ, चीन) में किया था और थाईलैंड ओपन ग्रैंड प्रिक्स 2022, बैंकॉक में 48 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीता था। इसके अलावा उन्होंने 8वीं एशियाई जु-जित्सु चैंपियनशिप 2024, अबू धाबी में युगल क्लासिक स्पर्धा में कांस्य पदक, अबू धाबी में अंतरराष्ट्रीय जुजुत्सु प्रतियोगिता 2023 में भी कांस्य पदक तथा कई राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में स्वर्ण और रजत पदक जीते थे।