लखनऊ (30 मई 24)। लोकसभा चुनाव के अंतिम यानी सातवें चरण के लिए आज शाम छह बजे चुनाव प्रचार थम जाएगा। इस चरण में 1 जून को उत्तर प्रदेश की 13 लोकसभा सीटों पर मतदान होगा। इन सभी 13 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 144 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। सभी राजनीतिक दल आज शाम 6 बजे तक ही चुनाव-प्रचार कर सकेंगे। प्रतिबंध लगने के बाद कोई भी राजनीतिक पार्टी प्रचार नहीं कर सकेगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि अंतिम चरण में आज शाम छह बजे से चुनाव प्रचार थम जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार अभियान खत्म होने के बाद इन निर्वाचन क्षेत्रों के जिला निर्वाचन अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि राजनीतिक दलों के सभी बाहरी पदाधिकारी व कार्यकर्ता निर्वाचन क्षेत्र में उपस्थित न रहें। मतदान के दिन मतदेय स्थलों (पोलिंग बूथ) के अंदर मोबाइल फोन, स्मार्ट फोन, वायरलेस सेट आदि ले जाने पर रोक लगाई गई है।