मुंबई (18 सितंबर 26)। मुकेश और नीता अंबानी के मुंबई स्थित घर एंटीलिया में गणेश चतुर्थी का जश्न इस बार भी भव्य अंदाज में मनाया गया। गणपति पूजा में बॉलीवुड सितारों और क्रिकेट जगत की हस्तियों के साथ कई खास विदेशी मेहमान भी पहुंचे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी ट्रंप और उनके पति माइकल भी इस समारोह में शामिल हुए। गणेशोत्सव से जुड़ी उनकी तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में हैं। खास तौर पर टिफनी का देसी अंदाज लोगों का ध्यान खींच रहा है।
बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त भी अंबानी परिवार के गणेशोत्सव में शामिल हुए। उन्होंने टिफनी ट्रंप और उनके पति माइकल के साथ एक तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की। संजय दत्त ने तस्वीर के साथ लिखा कि टिफनी ट्रंप, माइकल बोलोस और अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर से मिलकर उन्हें काफी अच्छा लगा। टिफनी की एक अन्य तस्वीर भी सामने आई है, जिसमें वह राधिका अंबानी और फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा के साथ सेल्फी लेती नजर आ रही हैं। तस्वीर में टिफनी और राधिका साथ में काफी खुश दिखाई दे रही हैं। मनीष मल्होत्रा ने भी टिफनी और राधिका के साथ यह सेल्फी अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा की। गणेश पूजा के लिए टिफनी ने हल्के हरे रंग का लहंगा-चोली पहना था। इसके साथ उन्होंने गुलाबी रंग का दुपट्टा लिया हुआ था। उनके लहंगे पर सफेद रंग के क्रिस्टल का काम नजर आ रहा था। उन्होंने मनीष मल्होत्रा की डिजाइन की हुई ज्वेलरी भी पहनी। नेकलेस, मांगटीका और ईयररिंग्स ने उनके पारंपरिक भारतीय पहनावे को और खास बना दिया। टिफनी के पति माइकल भी भारतीय परिधान में नजर आए। उन्होंने केसरिया रंग की शेरवानी पहनी थी। दोनों की तस्वीरें सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनके भारतीय परिधान और अंबानी परिवार के गणेशोत्सव में शामिल होने को लेकर खूब चर्चा हो रही है। अंबानी परिवार के गणेशोत्सव में हर साल फिल्म, खेल, कारोबार और राजनीति से जुड़ी कई जानी-मानी हस्तियां शामिल होती हैं। इस बार भी एंटीलिया में सितारों और खास मेहमानों की मौजूदगी ने समारोह को खास बना दिया।