Wednesday, 30 Sep 2026

अखिलेश और ममता बनर्जी ने मोदी सरकार पर बोला हमला

कोलकाता (22 जुलाई 24)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव ने रविवार को ‘नैतिक रूप से पराजित' भाजपा की आलोचना की और दावा किया कि केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राजग सरकार लंबे समय तक नहीं टिकेगी। 

बनर्जी और यादव ने यह टिप्पणी यहां तृणमूल कांग्रेस की ‘शहीद दिवस' रैली को संबोधित करते हुए की। यह रैली लोकसभा चुनाव के लगभग छह सप्ताह बाद आयोजित की गई है। इस चुनाव में तृणमूल कांग्रेस और सपा ने क्रमशः पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश में भाजपा के मुकाबले महत्वपूर्ण जीत हासिल की थी। तृणमूल कांग्रेस और सपा दोनों ही राष्ट्रीय स्तर पर विपक्षी ‘इंडिया' गठबंधन का हिस्सा हैं। दोनों नेताओं के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा ने कहा कि वे सत्ता में आने का सपना देखने के लिए स्वतंत्र हैं लेकिन ऐसा कभी नहीं होगा। 

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता और सांसद समिक भट्टाचार्य ने कहा, ‘लोगों ने लगातार तीसरी बार राजग सरकार के लिए वोट दिया है। टीएमसी, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी सत्ता में आने और प्रधानमंत्री पद पर आसीन होने का सपना देखना जारी रख सकती हैं। लेकिन ऐसा कभी नहीं होगा। उन्हें 2029 के लोकसभा चुनाव के बाद भी विपक्ष में बैठने के लिए तैयार रहना चाहिए।' 

इससे पहले, यादव ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार लंबे समय तक नहीं टिकेगी क्योंकि ‘सांप्रदायिक ताकतों'' को भले ही कुछ समय के लिए सफलता मिल सकती है, लेकिन अंततः उनकी हार होगी। उन्होंने भाजपा या राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का नाम लिए बिना कहा, ‘केंद्र में यह सरकार ज्यादा दिन नहीं टिकेगी और जल्द ही गिर जाएगी। ऐसी सांप्रदायिक ताकतें किसी भी कीमत पर सत्ता में बने रहना चाहती हैं, लेकिन उनके मंसूबे कामयाब नहीं होंगे।' 

Tags:

Follow us

This question is not available..!