धुले (14 नवंबर 24)। अगर इंदिरा गांधी स्वर्ग से वापस भी आ जाती हैं तो भी धारा 370 बहाल नहीं होने वाली है... यह शब्द बुधवार को कहे हैं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने। साथ ही शाह ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को यह याद रखना चाहिए कि अगर उनकी ‘चौथी पीढ़ी' भी आ जाए तो वह भी अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) का आरक्षण काटकर मुसलमानों को नहीं दे सकतीं। शाह ने 20 नवंबर को होने वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘कुछ दिन पहले उलेमा समूह के लोग महाराष्ट्र में कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष से मिले और कहा कि मुसलमानों को आरक्षण देना चाहिए।' उन्होंने कहा, ‘अगर मुसलमानों को आरक्षण देना है तो एससी, एसटी और ओबीसी का आरक्षण काट कर देना पड़ेगा। अरे राहुल बाबा (राहुल गांधी), आप तो क्या आपकी चार पीढ़ियां भी एससी, एसटी और ओबीसी का आरक्षण काटकर मुसलमानों को नहीं दे सकतीं।' शाह ने यह भी कहा कि अनुच्छेद 370 को कभी बहाल नहीं किया जाएगा, चाहे कुछ भी हो जाए। उन्होंने कहा, ‘अगर इंदिरा गांधी स्वर्ग से वापस आ भी जाती हैं तो भी अनुच्छेद 370 को बहाल नहीं किया जाएगा।' महाराष्ट्र में विपक्षी महा विकास आघाडी (एमवीए) को ‘औरंगजेब फैन क्लब' करार देते हुए शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत महायुति गठबंधन शिवाजी महाराज और वीर सावरकर के आदर्शों पर चलता है।