नईदिल्ली (13 सितंबर 24)। खुदरा महंगाई अगस्त महीने में मामूली बढ़कर 3.65 प्रतिशत पर रही है। हालांकि, इस दौरान सब्जियों और दाल की महंगाई दहाई अंक में रही। आधिकारिक आंकड़ों में यह जानकारी दी गई। यह लगातार दूसरा महीना है जब उपभोक्ता मूल्य सूचकांक आधारित महंगाई का यह आंकड़ा भारतीय रिजर्व बैंक के चार प्रतिशत के संतोषजनक स्तर के दायरे में है। यह जुलाई में पांच साल के निचले स्तर 3.6 प्रतिशत पर थी। जबकि अगस्त, 2023 में यह 6.83 प्रतिशत थी। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय ने कहा, ‘सालाना आधार पर अखिल भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक अगस्त में 3.65 प्रतिशत रहा। यह पिछले पांच साल में महंगाई का दूसरा सबसे निचला स्तर है।' आंकड़ों के अनुसार, सब्जियों की महंगाई आलोच्य महीने में 10.71 प्रतिशत और दलहन तथा इसके उत्पादों की मुद्रास्फीति 13.6 प्रतिशत रही। मसालों के मामले में उपभोक्ता मूल्य सूचकांक आधारित मुद्रास्फीति में 4.4 प्रतिशत की कमी आई जबकि तेल और वसा की महंगाई 0.86 प्रतिशत कम हुई। खाद्य वस्तुओं की महंगाई अगस्त महीने में मामूली बढ़कर 5.66 प्रतिशत रही जो जुलाई में 5.42 प्रतिशत थी। अगस्त महीने की खाद्य मुद्रास्फीति का आंकड़ा जून, 2023 के बाद दूसरा सबसे निचला स्तर है।