Thursday, 01 Oct 2026

अग्निकांड: पेंट हाउस का डिजीटल लॉक नहीं खुला, कांग्रेस नेता की मौत

इंदौर (23 अक्टूबर 25)। लसूड़िया थाना क्षेत्र में पेंट हाउस में आग लगने से नर्मदा सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कई शोरूमों के मालिक प्रवेश अग्रवाल की मौत हो गई। उनकी बड़ी बेटी सौम्या झुलस गई है, उसकी हालत गंभीर है। उसे बॉम्बे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। हादसा गुरुवार सुबह करीब 5 बजे हुआ। प्रवेश का सौम्या महिंद्रा कार शोरूम है। उसी के ऊपर पेंटहाउस में प्रवेश का परिवार रहता है। आग के दौरान प्रवेश, उनकी पत्नी श्वेता और दोनों बेटियां सौम्या (15) और मायरा (10) सो रहे थे। बताया जा रहा है कि गार्ड्स ने श्वेता और मायरा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया था। घटना का सबसे बड़ा कारण हाई सिक्योरिटी बताया जा रहा है। अंदर एसी और डिजिटल लॉक लगे थे, जो रिमोट या फिंगर टच से ही खुलते थे। सुबह धुंए के कारण लॉक नहीं खुल पाया।

तीन दिन से चल रहा था दीपक- टीआई तारेश सोनी के मुताबिक, अलसुबह उन्हें आगजनी की सूचना मिली। उन्होंने मौके पर एफआरवी को भेजा। ऊपर पेंटहाउस में मंदिर में अखंड दीपक जल रहे थे। वहीं, पास में ही स्टोर रूम भी था। आशंका है कि मंदिर से ही आग की शुरुआत हुई होगी। पहले धुआं भरने से उनकी पत्नी और छोटी बेटी बाहर की तरफ आईं। उन्होंने गार्ड को ऊपर से आवाज दी। इसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। धुएं से प्रवेश और उनकी बड़ी बेटी सौम्या को बाहर निकाला गया। प्रवेश बेसुध हालत में थे। उन्हें सीपीआर दिया गया और उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां उनकी मौत हो गई।

कमलनाथ के करीबी थे प्रवेश- कांग्रेस नेता प्रवेश पूर्व सीएम कमलनाथ के करीबी थे। वे कमलनाथ की कोर टीम में शामिल रहे हैं। प्रवेश मूल रूप से देवास की राजनीति करते थे। उन्होंने देवास से विधानसभा के लिए टिकट भी मांगा था। देवास महापौर के लिए अपनी पत्नी का टिकट भी मांगा था, लेकिन एन मौके पर टिकट काट दिया गया था। 2 सितंबर को अपने जन्मदिन पर मंडूक पुष्कर पर समर्थकों के बीच तलवार से केक काटा था। वीडियो वायरल होते ही मामला गरमा गया था, जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज किया था। प्रवेश की मौत की खबर शहर में आग की तरह फैल गई। उनसे जुड़े कई उद्योगपति और जनप्रतिनिधियों घर पहुंच गए। शाम को शव उनके शोरूम महिन्द्रा लाया गया, तब वहां कई कर्मचारी मौजूद थे। कर्मचारियों ने गमगीन होकर शव के अंतिम दर्शन किए। उनकी बड़ी बेटी सदमे में है। 


Tags:

Follow us

This question is not available..!