नईदिल्ली (17 जुलाई 24)। हरियाणा में विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने बड़ा दांव खेला है। हरियाणा के मुख्यंमत्री नायब सिंह सैनी ने अग्निवीरों को पुलिस, वन रक्षक और जेल वार्डन जैसी सेवाओं में अग्निवीरों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण की घोषणा की। इसके अलावा आयु में छूट जैसे अन्य प्रोत्साहन भी दिए जाएंगे।
एक संवाददाता सम्मेलन में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा कांस्टेबल, माइनिंग गार्ड, वन रक्षक, जेल वार्डन और विशेष पुलिस अधिकारी के पदों पर की जाने वाली सीधी भर्ती में अग्निवीरों के लिए 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण होगा। सैनी ने कहा, ‘‘हमने यह प्रावधान किया है।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रुप सी और डी के पदों पर आयु सीमा में तीन वर्ष की छूट भी दी जाएगी। सैनी ने कहा, 'हालांकि, अग्निवीरों के पहले बैच में आयु में छूट पांच वर्ष की होगी।' यदि कोई अग्निवीर बिजनेस करना चाहता है तो उसे सरकार द्धारा 5 लाख रुपए ब्याज मुक्त की मदद दी जाएगी।
बता दें कि, चुनाव से पहले विपक्ष की ओर से अग्निवीर योजना के खिलाफ लगातार प्रचार किया जा रहा है और माना जा रहा है कि हाल में खत्म हुए लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को अग्निवीर योजना को लेकर नाराजगी का सामना करना पड़ा। आम चुनाव में पार्टी के खराब प्रदर्शन से सबक लेते हुए बीजेपी आगामी विधानसभा चुनाव में इसके नकारात्मक छवि को कम करने की कोशिश में जुटी है।