Monday, 28 Sep 2026

अच्छा है चीनी खूब महंगी हो जाए: विजयवर्गीय

इंदौर (27 अगस्त 26)। चीनी की बढ़ती कीमतों को लेकर देशभर में चर्चा है। इसी बीच मध्य प्रदेश नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का चीनी की बढ़ती कीमतों को लेकर बड़ा बयान सामने आया है। विजयवर्गीय ने कहा कि 90 प्रतिशत लोग मीठा खाना पसंद नहीं करते हैं। उन्होंने सलाह दी कि बढ़ती उम्र के साथ चीनी का सेवन कम कर देना चाहिए।

विजयवर्गीय ने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि आने वाले एक-दो दिनों में शक्कर के दाम कम होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि कीमतों में जल्द राहत मिल सकती है और शक्कर सस्ती होगी। विजयवर्गीय ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि आजकल करीब 90 प्रतिशत लोग मीठा खाना पसंद नहीं करते हैं। अच्छा है चीनी खूब महंगी हो जाए। मंत्री ने कहा कि बच्चों के लिए मिठाई और मीठी चीजों का आकर्षण अलग होता है, लेकिन बढ़ती उम्र के साथ मीठे का सेवन नियंत्रित रखना बेहतर है। उन्होंने खुद की उम्र का जिक्र करते हुए कहा कि 40 वर्ष की उम्र के बाद मीठे का सेवन कम करना चाहिए।

विजयवर्गीय ने आयुर्वेद का हवाला देते हुए भी अधिक मीठा खाने से बचने की बात कही। शक्कर की कीमतों में बढ़ोतरी के बीच मंत्री का यह बयान तेजी से वायरल हो रहा है। मंत्री का बयान ऐसे समय में आया है जब आम उपभोक्ताओं के साथ मिठाई कारोबारियों पर भी बढ़ती कीमतों का असर पड़ रहा है। हालांकि विजयवर्गीय ने जल्द ही शक्कर के दाम कम होने की उम्मीद जताई है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!