Monday, 28 Sep 2026

अदाणी के बेटे की शादी, 10 हजार करोड़ किए दान

अहमदाबाद (08 फरवरी 25)। अरबपति कारोबारी गौतम अदाणी के छोटे बेटे जीत शुक्रवार को अपनी मंगेतर दिवा शाह के साथ एक निजी पारंपरिक समारोह में शादी के बंधन में बंध गए। शादी के समारोह में उनके दोस्तों और परिवार के लोगों का एक छोटा समूह ही मौजूद था। गौतम अदाणी ने इस वैवाहिक समारोह को साधारण ढंग से संपन्न कराने को प्राथमिकता दी। इस अवसर पर उन्होंने स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और कौशल विकास में बुनियादी ढांचे के निर्माण सहित विभिन्न सामाजिक कार्यों के लिए 10,000 करोड़ रुपये दान करने की घोषणा की। सूत्रों ने कहा कि यहां शांतिग्राम में जैन परंपरा के अनुरूप की गई शादी के लिए बहुत कम संख्या में परिवार और दोस्तों को आमंत्रित किया गया था। सूत्रों के मुताबिक, शादी में किसी भी मशहूर हस्ती को आमंत्रित नहीं किया गया था। अदाणी शनिवार को कर्मचारियों के लिए एक भोज का आयोजन करेंगे। एशिया के दूसरे सबसे धनी व्यक्ति गौतम अदाणी के दो बेटे हैं। पहले बेटे करण की शादी परिधि से हुई है जो वकील और सिरिल अमरचंद मंगलदास की पार्टनर हैं। वहीं दूसरी बहू दिवा एक हीरा व्यापारी की बेटी है। 

अदाणी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, 'सर्वशक्तिमान ईश्वर के आशीर्वाद से जीत और दिवा आज शादी के पवित्र बंधन में बंध गए।' उन्होंने कहा, 'यह एक छोटा और बेहद निजी समारोह था। इसलिए हम चाहते हुए भी सभी शुभचिंतकों को आमंत्रित नहीं कर सके, जिसके लिए मैं माफी चाहता हूं।' उन्होंने शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए नवविवाहित जोड़े के लिए आशीर्वाद और प्यार मांगा। अदाणी के करीबी सूत्रों ने बताया कि उन्होंने 10,000 करोड़ रुपये दान करने का वादा किया है। यह राशि किफायती विश्वस्तरीय अस्पतालों और विद्यालयों के साथ ही कौशल विकास पर खर्च की जाएगी। इसके जरिये रोजगार के अवसर तैयार करने पर भी जोर होगा। इसके अलावा, गौतम अडानी ने बताया कि शादी के इस खास अवसर पर जीत और दिवा ने 'मंगल सेवा' का संकल्प लिया है। दोनों ने प्रति वर्ष 500 दिव्यांग बहनों के विवाह में 10 लाख रुपये का आर्थिक सहयोग देने का वादा किया है। गौतम अडानी ने इसे अपने जीवन का अत्यधिक संतोषजनक क्षण बताया और कहा कि यह प्रयास दिव्यांग बेटियों और उनके परिवारों के जीवन को खुशहाल बनाएगा।


Tags:

Follow us

This question is not available..!