जम्मू (10 अगस्त 24)। जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच लगातार मुठभेड़ की घटनाएं सामने आ रही हैं। ताजा घटना अनंतनाग जिले में हुई है, जहां शनिवार को सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच एक और मुठभेड़ शुरू हो गई। इस मुठभेड़ के दौरान, दो जवान घायल हो गए हैं। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने जानकारी दी कि यह मुठभेड़ अनंतनाग जिले के अहलान गडोले क्षेत्र में दोपहर के समय शुरू हुई थी। बताया जा रहा है कि आतंकवादियों ने गश्त कर रहे सुरक्षा दल को निशाना बनाया, जिससे दोनों जवान घायल हो गए। कोकेरनाग सब डिवीजन के घने जंगलों में यह गश्त अभियान चलाया जा रहा था, जो आतंकवाद विरोधी ऑपरेशन का हिस्सा है। इस अभियान में भारतीय सेना की विशेष बलों (स्पेशल फोर्सेज) और पैराट्रूपर्स की टुकड़ियां भी शामिल हैं।
चार आतंकियों के स्केच जारी किए:- जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कठुआ जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में ‘ढोक' (मिट्टी के घर) में देखे गए चार आतंकवादियों के स्केच शनिवार को जारी किए और उनके बारे में पुख्ता जानकारी देने वाले को 20 लाख रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा की। इसके साथ ही आतंकियों की धरपकड़ के लिए जिले के वन क्षेत्र में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। कठुआ में आठ जुलाई को माछेड़ी के सुदूर वन क्षेत्र में सेना के गश्ती दल पर आतंकवादियों द्वारा घात लगाकर किए गए हमले में एक जूनियर कमीशंड अधिकारी (जेसीओ) सहित पांच सैनिक शहीद हो गए थे। बड़े पैमाने पर तलाश अभियान के बावजूद पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के एक छद्म समूह ‘कश्मीर टाइगर्स' से जुड़े आतंकवादियों का अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है।