इंदौर (07 सितंबर 25)। शहर की 102 साल पुरानी परंपरा आज भी कायम है। शनिवार को अनंत चतुर्दशी पर झांकियों के चल समारोह की शुरूआत शाम 6 बजे खजराना गणेश मंदिर की प्रथम झांकी के पूजन के साथ हुई। कलेक्टर आशीष सिंह ने मंदिर पुजारी अशोक भट्ट के साथ भगवान गणेश की झांकी का पूजन कर झिलमिलाती झांकियों के कारवां आगे बढ़ाया। अनंत चतुर्दशी के चल समारोह में श्री गणेश विसर्जन निर्णायक समिति के मंच पर मौजूद पदाधिकारियों ने इंदौर की प्राचीन परंपरा को जीवित रखने वाली झांकियों, उनके निर्माताओं और अखाड़ों का सम्मान कर पुरस्कृत किया। मंच पर कांग्रेस नेता दीपक महेश जोशी 'पिंटू' और सत्यनारायण सलवाड़िया सहित अनेक नेता मौजूद रहे।
कलेक्टर आशीष सिंह ने कहा कि इंदौर की परंपरा के अनुसार अनंत चतुर्दशी चल समारोह में वर्षों से कपड़ा मिलों की आकर्षक झांकियां निकाली जाती रही हैं। प्रथम पूज्य खजराना गणेश मंदिर की झांकी के पूजन से ही इस चल समारोह की शुरूआत होती है। परंपरा को कायम रखते हुए आज भी प्रथम झांकी का पूजन कर इसे चलायमान किया गया, जिसके पीछे अन्य कपड़ा मिलों और संस्थाओं की झांकियां शामिल हो गईं। कलेक्टर आशीष सिंह ने कहा कि इस चल समारोह को देखने के लिए हर वर्ष बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित होते हैं। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस प्रशासन ने सभी इंतजाम किए हैं। झांकी मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और उनकी मॉनिटरिंग के लिए कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि कपड़ा मिल श्रमिकों की महीनों की मेहनत से तैयार इन झांकियों का आनंद वे परिवार सहित हर्षोल्लास के साथ लें। प्रदेश में पहली बार भीड़ नियंत्रण के लिए एक विशेष ड्रोन कैमरे की मदद ली जा रही है। भीड़ नियंत्रण व निगरानी के लिए इंदौर पुलिस इसका उपयोग कर रहा है। इस ड्रोन की विशेषता यह है कि इसमें पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम भी इनबिल्ट है। जो जमीन से 120 मीटर ऊपर से भी अनाउंस कर सकता है। साथ ही 2 से 5 किमी.की रेंज तक इसका कैमरा प्रभावी निगरानी योग्य है। यह ड्रोन लगातार 40 मिनट तक उड़ान भर सकता है। इसके अलावा यह जूम कैमरा और सर्च लाइट यूक्त है।