नईदिल्ली (15 फरवरी 25 )। देश के कई हिस्सों में सर्द हवाओं और बारिश के चलते ठंड का असर अभी भी जारी है। पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से भी नीचे पहुंच गया है, जबकि उत्तर भारत में शीतलहर का प्रभाव बना हुआ है। हालांकि, दिन में धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी महसूस हो रही है। दिल्ली-NCR में सुबह-शाम ठंडक बनी हुई है, लेकिन दिन में तापमान बढ़ रहा है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, 21 फरवरी तक राजधानी और नोएडा में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन ठंडी हवाएं चलती रहेंगी। वहीं, पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से अरुणाचल प्रदेश और पूर्वोत्तर भारत में तेज़ हवाओं के साथ भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वोत्तर असम और निचले क्षोभमंडल स्तर पर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है। साथ ही, उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में पूर्व की ओर बहने वाली हवाएं चल रही हैं।