हमीरपुर (03 अक्टूबर 24)। पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने हिमाचल प्रदेश को आर्थिक बदहाली और दिवालियापन की ओर धकेल दिया है। इनकी सारी गारंटियां फेल हुई हैं और अब ये हरियाणा में भी झूठे वायदे करते घूम रहे हैं। अनुराग ठाकुर ने कहा कि भाजपा समाज के सभी वर्गों को लेकर साथ चलने वाली पार्टी है, जबकि कांग्रेस जाति और धर्म के नाम पर लोगों को बांटने का काम करती है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी हर जगह जाति का राग अलापते रहते हैं मगर संसद में जब उनकी जाति पूछी गई तो बगलें झांकने लगे। राहुल गांधी कहते हैं कि कांग्रेस आरक्षण खत्म कर देगी। क्या ये बाबा साहब के संविधान से खिलवाड़ और हमारे पिछड़े वर्ग के भाइयों-बहनों के हक पर डाका नहीं है? मोदी सरकार ने तो आर्थिक रूप से पिछड़े सवर्णों को भी आरक्षण देने का काम किया तो फिर कांग्रेस आरक्षण खत्म क्यों करना चाहती है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि मोदी सरकार के 10 वर्षों के कार्यकाल में सेना के लिए जो कार्य हुए हैं, वह पिछले 60 वर्षों में भी नहीं हुए होंगे। हमने सेना की वर्षों पुरानी मांग वन रैंक वन पैंशन को लागू किया। अभी तक एक लाख करोड़ से ज्यादा पैसा हम हमारे बहादुर पूर्व सैनिकों को दे चुके हैं। कांग्रेस ने तो अपने 10 वर्षों में सेना को एक भी बुलेट प्रूफ जैकेट तक नहीं दिया। उनके दौर में सेना जरूरी साजो सामान के लिए तरसती थी। इन्होंने सैन्य सामानों में भी घोटाले किए, रक्षा सौदों में दलाली खाई, लेकिन मोदी ने सेना को सभी अत्याधुनिक हथियार दिलाए। अनुराग ठाकुर ने कहा कि आज हमारी सेना के पास राफेल विमान से लेकर बुलेट प्रूफ जैकेट, आईएनएस विक्रांत से लेकर तेजस विमान और अग्नि मिसाइल हैं। हमने सिर्फ बॉर्डर पर 6800 किलोमीटर से ज्यादा सड़के बनाई हैं। पिछले वर्ष देश में एक लाख करोड़ से ज्यादा रक्षा उत्पादन किया गया है। जो भारत कभी विश्व में सबसे बड़े रक्षा आयातक के तौर पर जाना जाता था, वह आज अपने ही देश में रक्षा क्षेत्र से जुड़े एक लाख करोड़ से ज्यादा के सामान बना रहा है।