खंडवा (25 जून 26)। मोहर्रम से दो दिन पहले खंडवा में एक मुस्लिम युवक ने सनातन धर्म अपना लिया। शहर के अति प्राचीन महादेवगढ़ मंदिर परिसर में 'घर वापसी' कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंदिर के संरक्षक अशोक पालीवाल के अनुसार, आजाद पठान ने विधि-विधान के साथ सनातन धर्म ग्रहण किया। इसके बाद उनका नया नाम अजय कश्यप रखा गया।
कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धार्मिक विधि-विधान संपन्न कराए गए। सनातन परंपराओं के अनुसार दस विधि-स्नान सहित आवश्यक संस्कारों को पूरा करते हुए घर वापसी की प्रक्रिया संपन्न की गई। मंदिर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौजूद रहे। मंदिर संरक्षक अशोक पालीवाल ने बताया कि अजय कश्यप की मां हिंदू हैं, जबकि उनके पिता मुस्लिम थे। उनका दावा है कि युवक की मां पहले लव जिहाद का शिकार हुई थीं, लेकिन उन्होंने अपना धर्म नहीं छोड़ा। बाद में उन्होंने अपने पति से तलाक ले लिया। अब मां के आग्रह पर बेटे ने सनातन धर्म अपनाने का निर्णय लिया। घर वापसी के बाद अजय कश्यप ने कहा कि उन्होंने अपनी मां की इच्छा और अपनी व्यक्तिगत आस्था के चलते सनातन धर्म अपनाया है। उन्होंने कहा कि अब वह सनातन धर्म की परंपराओं और रीति-रिवाजों के अनुसार अपना जीवन व्यतीत करेंगे।