Saturday, 03 Oct 2026

अपनी गलतियों से सीख रहे हैं...राहुल गांधी

पटना (08 अप्रैल 25)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को कहा कि उनकी पार्टी 'बिहार में अपनी गलतियों से सबक ले रही है', जहां पार्टी दलितों के सशक्तीकरण के जरिए सर्वांगीण विकास लाने में पिछड़ गयी थी। लोकसभा में विपक्ष के नेता राज्य की राजधानी में एक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। यह सम्मेलन राज्य में महत्वपूर्ण विधानसभा चुनावों से कुछ महीने पहले हो रहा है जिसमें कांग्रेस, राजद और वाम दलों के साथ गठबंधन करके, मजबूत सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से मुकाबला करेगी। 

‘संविधान सुरक्षा सम्मेलन' को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक ऐसी व्यवस्था बना दी है, जिसमें देश को पांच प्रतिशत आबादी चला रही है और 10-15 लोग पूरे कॉरपोरेट जगत को नियंत्रित कर रहे हैं। कांग्रेस नेता ने कहा, 'कांग्रेस में मैं यह स्वीकार करने वाला पहला व्यक्ति हूं कि हमने बिहार में उस उत्साह के साथ काम नहीं किया, जैसा हमें करना चाहिए था। लेकिन हम अपनी गलतियों से सीखकर आगे बढ़ेंगे। हमारी पार्टी और जिस गठबंधन का हम हिस्सा हैं, वह अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अति पिछड़े वर्गों और अल्पसंख्यकों के उत्थान के लिए प्रयास करेगा।' राज्य में 1990 के दशक की मंडल लहर के साथ उनकी पार्टी का पतन शुरू हुआ था। उन्होंने कहा, 'हमने हाल ही में कुछ ऐसा किया जो भले ही बहुत अच्छा न रहा हो लेकिन फिर भी महत्वपूर्ण था। हमने जिला कांग्रेस समितियों का पुनर्गठन किया। पहले इनमें से दो तिहाई का नेतृत्व उच्च जातियों के पास था। अब इनमें से दो तिहाई का नेतृत्व वंचित जातियों के पास है। यह संगठन के लिए (राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन) खरगे जी और मेरे द्वारा दिए गए स्पष्ट निर्देशों के अनुरूप है।'



Tags:

Follow us

This question is not available..!