Thursday, 01 Oct 2026

अपने नाम के अनुरूप काम करती है संबल योजना: मुख्यमंत्री

भोपाल (05 दिसंबर 24)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि संबल योजना आपात स्थिति में श्रमिकों के लिये अपने नाम के अनुरूप संबल प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि मुश्किल और दुख की घड़ी में सरकार श्रमिकों के साथ है। उन्होंने कहा कि पीड़ित हितग्राही के परिजनों के लिए यह राशि राज्य शासन की ओर से संवेदनाओं के रूप में है। कठिनाई के समय में यह राशि श्रमिकों को अवश्य ही सहारा देगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुधवार को मंत्रालय से मुख्यमंत्री जन-कल्याण योजना (संबल) के अंतर्गत 10 हजार 236 हितग्राही श्रमिक परिवारों के बैंक खातों में 225 करोड़ की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-कल्याण (संबल) योजना वर्ष 2018 में प्रारंभ की गई थी। इस योजना के अंतर्गत प्रारंभ से अब तक 6 लाख 16 हजार से अधिक प्रकरणों में 5,626 करोड़ से अधिक के हितलाभ दिए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल की सराहना करते हुए कहा कि पटेल ने संवेदनशीलता के साथ काम किया है। उन्होंने यह प्रयास किया है कि समाज के अंतिम पंक्ति तक के व्यक्ति को शासन की जन-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलें। इस अवसर पर प्रमुख सचिव श्रम उमाकांत उमराव, श्रमायुक्त धनराजू एस, उप सचिव श्रम विभाग एवं सचिव संबल बोर्ड रत्नाकर झा सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम में विभिन्न जिला एवं ब्लॉक से हितग्राही एवं जनप्रतिनिधि वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

Tags:

Follow us

This question is not available..!