नईदिल्ली (02 मई 25)। सरकार की जीएसटी से कमाई अप्रैल महीने में अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गई है। वित्त वर्ष 2026 के पहले महीने में ही सरकार ने 2.37 लाख करोड़ रुपए का गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (GST) कलेक्शन कर नया रिकॉर्ड बना दिया है। यह अब तक का सबसे ज्यादा मासिक GST कलेक्शन है। इससे पहले अप्रैल 2024 में 2.10 लाख करोड़ रुपए का संग्रह हुआ था। इस आंकड़े के साथ ही साल 2025 के पहले चार महीनों में सरकार की जीएसटी कमाई 8.13 लाख करोड़ रुपए हो गई है। यानी सरकार हर महीने औसतन 2 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई कर रही है।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक अप्रैल 2025 में GST कलेक्शन में साल-दर-साल 12.6 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसमें घरेलू ट्रांजेक्शन से कमाई 10.7% बढ़कर लगभग 1.9 लाख करोड़ रुपए पहुंच गई। वहीं, इंपोर्टेड वस्तुओं से रेवेन्यू 20.8% से बढ़कर 46,913 करोड़ रुपए हो गया। इतना ही नहीं अप्रैल महीने में जारी किए गए टैक्स रिफंड की राशि भी बढ़कर 27,341 करोड़ रुपए हो गई, जो सालाना आधार पर 48.3% ज्यादा है। जानकारों के मुताबिक जीएसटी कलेक्शन में इस बढ़ोतरी के पीछे सरकार की दो बड़ी रणनीतियाँ रही हैं — टैक्स चोरी पर सख्ती और टैक्स नियमों को आसान बनाना। इन कदमों से व्यापारियों और कंपनियों को पारदर्शिता के साथ टैक्स भरने में आसानी हो रही है, जिससे सरकार की आय में सीधा फायदा हो रहा है। इसके अलावा डिजिटल भुगतान और रिटर्न फाइलिंग की प्रक्रिया को सरल और तेज़ बनाना भी इस ग्रोथ का बड़ा कारण है।